उदयपुर के धानमंडी थाना क्षेत्र में सब्जी के भाव को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक टकराव और आगजनी में बदल गया। इस घटना से शहर के तीज का चौक और आसपास के बाजारों में तनाव फैल गया। व्यापारियों ने सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर शुक्रवार को बाजार बंद कर दिया है, वहीं पुलिस ने इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। दरअसल, घटनाक्रम संतोषी माता मंदिर के सामने स्थित एक सब्जी दुकान से शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो युवक सब्जी खरीदने आए और भाव को लेकर दुकानदार सत्यवीर से कहासुनी हो गई। कहासुनी ने देखते ही देखते विवाद का रूप ले लिया। युवकों ने दुकान पर पत्थर फेंका और मौके से फरार हो गए। इसके बाद सत्यवीर ने तुरंत धानमंडी थाने में मामला दर्ज करवाया और वापस दुकान पर काम करने लगा। लेकिन रात करीब 10 बजे, 8-10 हथियारबंद युवक तलवार और लाठियों से लैस होकर दुकान पर पहुंचे और सत्यवीर पर जानलेवा हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे एमबी अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद आरोपी तोफिक हुसैन, अनस हुसैन, तस्कीन खान और अरबाज हुसैन को गिरफ्तार किया है। साथ ही 2 नाबालिगों को डिटेन किया गया है। वारदात में शामिल मुख्य आरोपी फरार है, उसकी तलाश जारी है।

