देश के कई हिस्सों में मानसून ने कहर बरपाया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में भारी बारिश से हालात बेकाबू हो गए हैं। भूस्खलन और जलभराव के कारण कई रास्ते बंद हो गए, वहीं स्थानीय प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। धराली में बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने में जुटा हुआ है। वहीं दूसरी ओर, बिहार के नवगछिया क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। गंगा और कोसी नदियों का जलस्तर बढ़ने से गांवों में पानी घुस गया है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीण इलाकों में नाव ही एकमात्र सहारा बन गई हैं। मौसम विभाग ने उत्तराखंड और बिहार के लिए अलर्ट जारी किया है और आगामी दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

