livetv
Homeअन्यराजस्थान विश्वविद्यालय में ‘रूवा गीत’ और पोस्टर का भव्य लोकार्पण, कुलपति प्रो....

राजस्थान विश्वविद्यालय में ‘रूवा गीत’ और पोस्टर का भव्य लोकार्पण, कुलपति प्रो. अल्पना कटेजा रहीं मुख्य अतिथि

राजस्थान विश्वविद्यालय महिला एसोसिएशन (रूवा) द्वारा आयोजित एक गरिमामय समारोह में ‘रूवा गीत’ एवं उसके आधिकारिक पोस्टर का औपचारिक लोकार्पण किया गया। इस विशेष अवसर की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति एवं मुख्य अतिथि प्रोफेसर अल्पना कटेजा ने की। प्रो. अल्पना कटेजा ने अपने प्रेरणादायी अध्यक्षीय भाषण में रूवा के इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास महिला सशक्तिकरण, रचनात्मकता और सामूहिकता की भावना को सुदृढ़ करते हैं। रूवा अध्यक्ष डॉ. शशिलता पुरी ने उद्घाटन भाषण प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने रूवा की गतिविधियों और महिला सशक्तिकरण की दिशा में संगठन की निरंतर प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह मंच महिलाओं की रचनात्मक अभिव्यक्ति और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहन देने के लिए सतत प्रयासरत है। गीत की लेखिका डॉ. गीता चतुर्वेदी एवं प्रो. माया रानी टाक ने ‘रूवा गीत’ के लेखन की प्रेरणा, उसकी रचना-यात्रा तथा उससे जुड़े अनछुए और भावपूर्ण पहलुओं को दर्शकों से साझा किया। साथ ही, गीत की संगीतकार एवं राजस्थान विश्वविद्यालय की पूर्व डीन, फैकल्टी ऑफ फाइन आर्ट्स, प्रो. माया रानी टाक को भी मंच पर आमंत्रित कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा ‘रूवा गीत और पोस्टर का भव्य विमोचन, जिसे मंच पर उपस्थित माननीय अतिथियों द्वारा किया गया। यह क्षण सभी उपस्थित जनों के लिए अत्यंत भावुक और गर्वपूर्ण था। आयोजकों ने बताया कि यह गीत केवल सुरों और शब्दों का संयोजन नहीं है, बल्कि एक विचार, एक जुनून और एक दृष्टिकोण का परिणाम है, जिसे महीनों की मेहनत और समर्पण से तैयार किया गया है। कार्यक्रम के समापन सत्र में रूवा की उपाध्यक्ष प्रो. बीना अग्रवाल ने मंच से धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया| कार्यक्रम में डीन, फैकल्टी ऑफ फाइन आर्ट्स प्रो. अर्चना श्रीवास्तव का सक्रिय योगदान रहा। ‘रूवा गीत’ को महिला नेतृत्व, रचनात्मकता और संगठित प्रयासों की प्रेरणास्रोत के रूप में देखा जा रहा है।