खाटूश्याम मंदिर के पट आज से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गए है .ऐसे में अब बाबा श्याम के दर्शनों के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी है.इसी बीच यहां पर VIP दर्शन को लेकर धंधा भी धडल्ले से चल रहा है.यहां वीआईपी दर्शन के नाम पर सैकडों लोगों से ठगी करने का मामला सामने आया है.वही इस मामले में खाटूश्यामजी पुलिस ने दो शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है.जो VIP दर्शन का धंधा चला रहे थे और लोगों के साथ ठगी कर रहे थे.गिरफ्तार आरोपियों में जयपुर के शांतिनगर निवासी राहुल सिंह और अचरोल निवासी हरेन्द्र सिंह शामिल हैं. सबसे बड़ी बात यह है कि इस मामले में श्री श्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष पृथ्वी सिंह चौहान की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ खाटूश्यामजी पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया था. हालांकि यह भी माना जा रहा है कि इसमें ट्रस्ट और कमेटी से जुड़े लोग हो सकते हैं. लेकिन उनके खिलाफ पुख्ता सबूत नहीं है. अब इन दो युवकों से पूछताछ हो रही है, जिससे इस धंधे के गिरोह के बारे में खुलासा हो सकता है.माना ये भी जा रहा है कि यहां दर्शनों के नाम पर कुछ लोग बड़ा खेल खेल रहे है जिसका खुलासा अब जल्द ही पुलिस के द्वारा कर दी जाएगी. गौरतलब है कि एकादशी, द्वादशी, शनिवार, रविवार और बाबा के वार्षिक मेले के दौरान श्री श्याम मंदिर में वीआईपी दर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहता है. इसके बावजूद कुछ संगठित गिरोह इन प्रतिबंधों की अनदेखी कर श्रद्धालुओं को ठगने में लगे रहते हैं. पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही है.

