उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्राइवेट स्कूल के 9वीं कक्षा के छात्र ने अपने ही शिक्षक पर गोली चला दी। बताया जा रहा है कि छात्र देशी तमंचा लंच बॉक्स में छिपाकर स्कूल लाया था और स्कूल परिसर में ही शिक्षक को निशाना बनाकर गोली दाग दी। घटना के बाद शिक्षक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने छात्र को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र और शिक्षक के बीच कुछ दिनों से अनबन चल रही थी, लेकिन किसी को यह अंदाज़ा नहीं था कि मामला हिंसा तक पहुंच जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नाबालिग छात्र के पास हथियार कहां से आया और क्या इसमें किसी और की संलिप्तता है। इस घटना ने न सिर्फ अभिभावकों बल्कि शिक्षा व्यवस्था और स्कूल सुरक्षा को लेकर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

