राजस्थान की राजनीति में अब आरोप-प्रत्यारोप मंत्रियों तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि सीधा मुख्यमंत्री और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं। अरावली पहाड़ियों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। सीएम ने कांग्रेस पर राजनीति करने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए साफ कहा कि अरावली की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सीएम भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस नेता अशोक गहलोत और अन्य विपक्षी नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा झूठ और लूट की राजनीति करती आई है और झूठे प्रोपेगेंडा के जरिए जनता को भ्रमित करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार अरावली संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट के नाम पर भ्रम फैला रही है कांग्रेस
अरावली के मुद्दे पर अपना स्टैंड स्पष्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट के फैसले को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे किसी भी मंच पर आकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले में वह एक भी पंक्ति दिखाएं, जिसमें 100 मीटर तक खनन की अनुमति दी गई हो।
सीएम ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने पुराने 100 मीटर नियम को रोकते हुए केंद्र सरकार को एक कमेटी बनाने का निर्देश दिया है, जो पर्यावरण, खनन, संरक्षण और सामाजिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत योजना तैयार करेगी।
गहलोत सरकार के फैसलों पर भी कसा तंज
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले अपने कार्यकाल पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने 2002-03 और 2009-10 के दौरान अरावली को लेकर बनाई गई परिभाषाओं का हवाला देते हुए सवाल खड़े किए।
सीएम ने खुद को गिरिराज जी का भक्त बताते हुए कहा कि वे गिरिराज को पूजते हैं, इसलिए कांग्रेस को अरावली को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है।
भाजपा सरकार ने अवैध खनन पर की सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2013 से पहले की कांग्रेस सरकारों और मौजूदा भाजपा सरकार के कामकाज की तुलना की जाए तो अंतर साफ दिखाई देता है। आज फॉरेस्ट रिजर्व और टाइगर रिजर्व की संख्या बढ़ी है। गहलोत सरकार के समय अवैध खनन की शिकायतें आती थीं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होती थी।
सीएम ने बताया कि भाजपा सरकार ने अवैध खनन पर कड़ा रुख अपनाया है। हाल ही में 11 इंस्पेक्टरों को सस्पेंड और APO किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब ज़मीन पर कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह केवल भ्रम फैलाने का काम कर रही है।

