राजस्थान में आज सोमवार (31 मार्च) को ईद-उल-फितर पूरे हर्ष और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। प्रदेशभर में मस्जिदों और ईदगाहों में लोगों ने नमाज अदा की और एक-दूसरे को गले मिलकर शुभकामनाएँ दीं।
इस बीच राजधानी जयपुर से सौहार्द्र और भाईचारे की एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई, जहां हिंदू समुदाय के लोगों ने ईदगाह पहुंचे मुसलमानों पर फूल बरसाकर आपसी प्रेम और एकता का संदेश दिया।
हिंदू-मुस्लिम एकता समिति के बैनर तले यह अनोखी पहल की गई। दिल्ली रोड स्थित ईदगाह पर हजारों लोग ईद मनाने के लिए एकत्र हुए थे, जहां हिंदू समाज के लोगों ने मुसलमानों पर फूल बरसाकर सांप्रदायिक सौहार्द्र और भाईचारे की मिसाल पेश की।

