कोलकाता में मंगलवार रात एक होटल में आग लगने से 14 लोगों की मौत और 13 लोग घायल हो गए। आग पर काबू पा लिया गया है। वही 22 लोगों को बचाया गया है।पुलिस के मुताबिक, मरने वालों में 2 महिलाएं और 1 बच्चा भी शामिल है। वहीं, 11 पुरूष मृतकों में से 8 की पहचान कर ली गई है।पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा ने बताया- आग ऋतुराज होटल में रात करीब 8:15 बजे लगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव का काम शुरू किया। अब तक 14 शव निकाले जा चुके हैं। हादसे की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई गई है।शुरुआती जांच में पता चला है कि होटल की चौथी मंजिल पर लगे बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। घटनास्थल पर मौजूद एक शख्स ने बताया कि जान बचाने के लिए कई लोग होटल की छत और खिड़कियों से कूदते नजर आए। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने एक विशेष जांच दल गठित किया है, जो इस हादसे के कारणों की जांच करेगा। जांच टीम यह पता लगाएगी कि आग के कारणों के पीछे कोई लापरवाही थी या यदि होटल के निर्माण में कोई सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हुआ था। पुलिस ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

