राजस्थान के अजमेर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब डिग्गी बाजार स्थित होटल नाज़ में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चंद मिनटों में ही पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक मासूम बच्चे सहित चार लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। आग की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि होटल की पांचवीं मंजिल तक लपटें पहुंच गईं और जान बचाने के लिए कई लोग खिड़कियों से कूद गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह 8 बजे होटल के ग्राउंड फ्लोर पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। यह आग पहले मीटर बॉक्स और वायरिंग तक सीमित रही, लेकिन कुछ ही मिनटों में वहां रखे फर्नीचर और पीओपी की छत में फैल गई। देखते ही देखते आग ने पूरे होटल को अपनी गिरफ्त में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि महज 30 मिनट में होटल की पांचवीं मंजिल तक पहुंच गई। इस बीच होटल में ठहरे दर्जनों पर्यटक और जायरीन अफरा-तफरी में बाहर भागने लगे। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अजमेर के निजी होटल में आग लगने की घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ है। घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन को उचित निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है इस हादसे में दिवंगत जनों की आत्मा को शान्ति व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

