जयपुर के वैशाली नगर में कांग्रेस नेता संदीप चौधरी के घर लूट की वारदात हुई. नौकर दंपत्ति ने परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ खिलाया और फिर घर में चोरी की. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत छानबीन शुरू कर दी है. सास-बहू की हालत गंभीर बताई जा रही है, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस मामले में नौकर पति-पत्नी के साथ उनके दो साथियों की भी तलाश की जा रही है. कांग्रेस नेता के घर के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज में 2 आरोपी घर में भी घुसते नजर आए हैं. आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने जयपुर शहर में नाकाबंदी भी कर दी गई है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में नेपाली नौकर पर शक जताया जा रहा है. वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है, और पुलिस आरोपित की तलाश में जुट गई है. उधर, बेहोशी की हालत में दोनों महिलाओं को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया. जहां उनका इलाज किया जा रहा है. घटना के बाद से कांग्रेस नेता का हाल बेहाल है. बताया जा रहा है कि नेपाल का रहने वाला युवक उनके घर में लंबे समय से काम कर रहा था. उसने धीरे-धीरे सबका विश्वास जीत लिया था. वह परिवार के लोगों की खूब सेवा करता था. लेकिन अचानक उसने ऐसी घटना को अंजाम दिया. लूट की घटना के बाद से वह फरार चल रहा है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.

