भारत की आज़ादी के 79 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लाल किले की प्राचीर से लगातार 12वीं बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्र को संबोधित किया। इस साल उनका स्वतंत्रता दिवस भाषण 103 मिनट तक चला, जो अब तक का सबसे लंबा संबोधन रहा। पिछले वर्ष 2024 में उनका भाषण 98 मिनट का था। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने ‘सुदर्शन चक्र’ राष्ट्रीय सुरक्षा कवच की घोषणा की, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में देश के हर महत्वपूर्ण स्थल और संवेदनशील ठिकाने को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करने की योजना है। उन्होंने कहा कि यह कवच भारत की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाएगा और इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के 100 दिन पूरे होने पर उसका ज़िक्र किया और राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक विकास तथा अपने कार्यकाल में चलाई गई कल्याणकारी योजनाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने और वैश्विक मंच पर उसकी भूमिका को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
Previous article

