livetv
Homeइंटरनेशनलवांगचुक के पाकिस्तान से संबंधों की जांच, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

वांगचुक के पाकिस्तान से संबंधों की जांच, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

लद्दाख। लद्दाख में हाल ही में हुई हिंसा के बाद फिलहाल शांति बहाल हो रही है, लेकिन अब सोनम वांगचुक को लेकर पुलिस और जांच एजेंसियों ने बड़े खुलासे किए हैं। लद्दाख के पुलिस महानिदेशक ने बताया कि वांगचुक के पाकिस्तान से संभावित संबंधों की जांच चल रही है।

पुलिस का दावा है कि वांगचुक ने प्रदर्शनों को भड़काने में अहम भूमिका निभाई। पिछले महीने एक पाकिस्तानी खुफिया एजेंट को गिरफ्तार किया गया था, जिसने वांगचुक के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के वीडियो सीमा पार भेजे। इसके अलावा, वांगचुक की कुछ विदेशी यात्राओं को संदिग्ध माना जा रहा है। वे पाकिस्तान के समाचार पत्र द डॉन के कार्यक्रम में शामिल हुए और बांग्लादेश भी गए।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वांगचुक ने विदेशी चंदा नियमन कानून का उल्लंघन तो नहीं किया। उनके यूट्यूब वीडियो और भाषणों को लोगों को उकसाने वाला बताया गया है। उन्होंने अरब क्रांति, नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका की अशांति का उदाहरण देते हुए माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।

डीजीपी ने बताया कि वांगचुक ने लद्दाख को राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को अपने नियंत्रण में लेने की कोशिश की। इससे केंद्र सरकार और लद्दाख के नेताओं के बीच चल रही बातचीत प्रभावित हुई। केंद्र सरकार ने लद्दाख के नेताओं को 6 अक्टूबर को बैठक के लिए बुलाया था, जबकि वांगचुक को 25 सितंबर को होने वाली अनौपचारिक बैठक की जानकारी थी। इसके बावजूद उन्होंने अनशन जारी रखा, जिसके भड़काऊ बयानों और वीडियो से माहौल बिगड़ा और हिंसा भड़की।

वर्तमान में सोनम वांगचुक को जोधपुर जेल में रखा गया है। पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है।